बहुत कुछ उगता है भीतर
जैसे हो
सारा मन कोई धरती उर्वर
और अचानक एक दिन
बंद हो जाता है कुछ भी उगना
लगता है जैसे
सब कुछ हो गया हो बंजर
उमड़ते घुमड़ते हैं
कितने बादल भीतर
जैसे होगी वृष्टि निरंतर
पर अचानक लगता है जैसे
सोंख लिया हो किसी ने
मेघों का सारा जल भीतर ही भीतर
लगता है
सब कुछ है कितना कोमल कोमल
फिर एक दिन अचानक
लगता है जैसे
सब कुछ भीतर
जैसे हो गया हो पत्थर
जागते हैं
न जाने कितने सुकोमल भाव
पांवों में रहती है गति कितनी
गंतव्य तक पहुंचने का रहता है
एक अदम्य उत्साह
पर सहसा चुक जाता है सारा उत्साह
पांवों की गति जाती है ठहर
कहीं पहुंचने की नहीं बची रहती है चाह
उत्साह कहीं जाता है मर
दृष्टि के पास
दूर तक देखने की क्षमता है अपार
पर धीरे धीरे एक दिवस ऐसा आता है
जब
रह जाती है दृष्टि कहीं
सूने सूने टेढ़े-मेढ़े से पथों पर
कहीं खोकर