खट - खट की आवाज़

पक्षियों की चहचहाहट के साथ

झाड़ू - पोछा,चूल्हा - चौका

में अपने को झोंकने के बाद

तैयारी है परिवार के पेट पालने को।


बच्चों को खिला - पिला कर

नहला - धुला कर जाती है कर्म भूमि में,

बच्चों को स्कूल भेजने की,

उसके स्वप्नों को संजोने की,

सपनीली आँखो से देखा है सपना,

जिम्मेदारी ले ली है अपने कंधों में

आख़िर माँ ने ठान लिया है

बच्चों की ख्वाइशों को पूरा करने के लिए।


मज़दूरी करते हुए

हाथ में ईंटे उठाए हुए है माँ

मानो लगता है उसने उठा ली है दुनिया

और कहती हो मेरे पुत्र का उज्ज्वल भविष्य हो।


समाज की चीरती नज़रों से गुज़रती है प्रतिदिन

लेकिन उसे याद है अपने बच्चों के स्वप्न

जिसे रजनी को चीरते हुए

मानो एक नई भोर का इंतेज़ार कर रही हो

उसके जीवन की लालिमा अवश्य जलेगी।


इसी कशमकश में प्रतिदिन जूझती है

और तलाश करती है काम को

जिससे उसके जीवन में बदलाव आएगा।

समाज जो गंदी नज़रों से देखता है

नहीं देख पाता उसके संघर्ष को

जो वो करती है प्रत्येक क्षण

जीवन को सुधारने के लिए।


आकिब जावेद