गीत


जीवन में बदलाव सदा आते - जाते रहते हैं,

खुशियों की दौलत को हम खोते- पाते रहते हैं।


समय की आपाधापी ने,जीवन में बदलाव किए,

कुछ अपनों ने देखो यारों कितने गहरे घाव दिए।

सब कुछ पा लेने की ज़िद्द ने ही सबको बर्बाद किया,

जीवन उसका हुआ सार्थक जिसने सब आबाद किया।

मज़लूमों को जग वाले मिलकर यहाँ सताते हैं

शक्तिवान,धनवान को सब रिश्तेदार बताते रहते है।


जीवन में बदलाव सदा......


जुआ,नशे के चक्र ने यारों कितने घर उजाड़ दिए,

कितने किशोर,नवयुवकों के सपने सभी उजाड़ दिए।

अपने हाथों ही सबने अपना जीवन बर्बाद किया,

जीवन की गाड़ी को देखो पटरी से उतार लिया।

शिक्षा से दूरी जीवन में जो बनाते रहते है,

जीवन की खुशहाली से वो दूर जाते रहते है।


जीवन में बदलाव सदा...


सबको पुण्य और पापों का हिसाब यहीं देना होगा,

स्वर्ग - नरक के आनंद - कष्टों का फल यहीं लेना होगा।

राजपाट को त्याग कर कोई महावीर - बुद्ध हुए,

राजगद्दी के खातिर कईयों के मार्ग अवरुद्ध हुए।

जो सदैव अपनो के दिल को भाते रहते हैं,

दिल के राजसिंहासन को वो स्वतः ही पाते रहते है।


जीवन में बदलाव सदा आते - जाते रहते है,

खुशियों की दौलत को हम खोते - पाते रहते हैं।