कविता *योद्धा*
युद्ध में लड़ने वाले
क्या - क्या खोते हैं
किसे आभास होगा।
रणभूमि में जाने से पहले
मन को पत्थर करना होगा
द्वार, चौबारों को भी तो
अलविदा कहना होगा।
फूल से नाज़ुक पुत्र को
माँ ने कैसे पाला होगा
निष्ठुर आँखों में उसने
कैसे आँखें डाला होगा।
पिता के भावों को तो
जान नहीं कोई पाया
युद्ध में जाने से पहले
घर में ही मातम छाया।
हृदय से प्रिय पत्नी को
कैसे समझाया होगा
पुत्री के मोह से वो भी
कैसे निकल पाया होगा।
युद्ध में सब कुछ भूलकर
स्वाभिमान से लड़ना होगा
वीर भूमि के खातिर प्यारे
कुछ तो अब करना होगा।
सब कुछ त्यागकर ही
जो रणभूमि को जाते हैं
शत्रु को जो धूल चटा दे
वो योद्धा कहलाते हैं।
आकिब जावेद
