होती सच्ची मित्र किताबें
सीधी-अच्छी मित्र किताबें
मोटी-पतली,छोटी किताबें
ज्ञानवर्धक,सचित्र किताबें।
है खेल,कृषि विज्ञान की बातें
जल थल आसमान की बातें
अंतरिक्ष ,अभियान की बातें
कितनी चित्र-विचित्र किताबें।
बुरा-भला का ज्ञान करातीं
धर्म और ईमान सिखातीं
मानवता का पाठ पढ़ातीं
गढ़ती सहज चरित्र किताबें।
जितना समय इन्हें हम देंगे
नई - नई ऊर्ज़ा इनसे लेंगे
इनका आदर करना सीखें
पावन परम पवित्र किताबें।
-आकिब जावेद


