जूट की बोरियाँ,
भर लेती है कुछ इतिहास
जल जाती है,
फिर बन जाती है
झूठ की बोरियाँ
जूट की बोरियाँ।
रद्दियां अखबारों में
बिकती है हर बरस,
आँगन के चौबारों में
बन जाते है लिफाफे
जिनमें झूठ तौला जाता है
और झूठ, जूट की बोरी से खोला जाता है।
जूट की बोरियाँ
चिढ़ती है रेशमी ऊनो से,झूठे कम्बल के वादों से,
और रोज होने वाली
बड़ी किन्हीं फरियादों से,लिपट कर तन पर किसी के जब
झूठी जर्सियाँ बन जाती है।
जूट की बोरियाँ
आती है अनाज भरकर,
अपने मायके
इठलाती है श्रृंगार
सरकारी मुहरों का पाकर,
बाप हताश लौटता है घर पर
खत्म हो जाती है झूठ ही
झूठ न बाबू के घर जाती है।
सच, झूठ ही रह जाती है
झूठ की डोरियाँ
जूट की बोरियाँ ।
