वह शब्द कहां से लाऊं
ढंग कौन सा खोजूं मैं ,
जो कहना है तुम्हें समझ में आ जाये,
टूटा है जो पुल पुनः बन जाये।
मैं वाणी का दक्ष नहीं
मेरा कोई पक्ष नही है,
बस प्रवाह हूं, आगे आगे , बस आगे ,
मेरा जीवन कोई भली धुन बन जाये।
सृष्टि अनंत है कोई देख न पाया है
चला जहां से वही लौट कर आया है ,
छोटा है जीवन कोई क्यों कष्ट उठाये
छोटी सी बदली अंबर में बन जाये।
वर्ष नही इतिहास रचा करते पल
मिट्टी से ही बनते हैं महल ,
पर्वत बनने में क्या रखा है , बना रहे ,
बनना है तो किसी पथिक की छाया बन जाये।
- डा सत्येन्द्र पाल सिंह

