जो प्रेम के विरह में डुब
अबोध हो चित्कार करे
और उसे पा जाने पर
भावों का नव संसार गढे।



सत्य न्याय के बोल कहे
समरसता के गीत लिखे
और राग द्वेष से दूर कहीं
जो छंदों का ब्रह्मांड रचे।


परिवर्तन का हो क्षण तो
आशाओं का संचार करे
अपनी रचना के बल पर
जो क्रांति का हुंकार भरे ।


जीव निर्जीव के भेद परे
जो उपमाओं का पुष्प चुने
परमात्मा को अचंभित कर
अपनी कविता से मुग्ध करे।


हो निर्माण का वो प्रणेता
यश अपयश से मुक्त रहे
शब्द का ही बस मोह धरे
भवसागर को वो पार करे ।

अजय झा **चन्द्रम्**