“ओए
सुनो न
बाबू
मुझे गले लगना है तुम्हारे”
और गले से लगा लेती वो मुझको, भले ही मुझे गले लगना ज़्यादा पसंद नहीं था, पर वो तो वो थी, इतना कस के बाहों में भर्ती की साँस भी न आए।
मैंने कभी बताया नहीं उसको, पर मुझे लगता था कि मेरी पूरी ज़िंदगी बस यूँही गुज़र जाये।
उसकी बाहों में।
पता ही नहीं चला कि कब प्यार हो गया उससे, उसके मासूम सवालों से, उसके लॉजिकल डाँटने से, और उसकी आँखों से।
हाय! उसकी आँखें।
आँखों के बारे में अगर लिखना शुरू करूँ तो पूरी रात बीत जाये।
पहली बार हाथ पकड़ा था मेरा उसने नैनीताल में, झील के किनारे, एक बेंच पर, और फिर जैसे ही उसने अपना सिर मेरे कंधे पर रखा।
मेरी दुनिया ही जैसे बदल गई, मुझे प्यार हो गया उससे, ये वो मोमेंट था जिसे मैं सात जन्मों तक जीना चाहता हूँ।
इस प्यार में पाना नहीं था, वो दोस्त थी मेरी, मेरे हर सुख़ दुख की साथी। मैं चाहता तो भी इज़हार नहीं कर सकता था अपने प्यार का।
वो भी उन दिनों अपने दिल से परेशान थी बहुत। उसकी ज़िंदगी में भी सैलाब आया हुआ था। बहुत कुछ कहना रहता था उसको, मैं भी ध्यान से सुनता था, जो कहा और वो भी समझता था जो कि वो कभी कह ना पायी। परफ़ेक्ट नहीं थी वो पर मेरी ज़िंदगी परफ़ेक्ट बना रही थी। मेरे सारे दर्द, सारे राज़ उसने अपने बना लिये थे।
फिर एक दिन वो खूब रोयी, मेरे कंधे पर सर रख कर, मुझे बाहों में भींच कर, मेरा भी दिल रो रहा था उसके साथ।
रोते हुए उसके होंठ काँप रहे थे, मुझे अपने गले पर उनकी थरथराहट महसूस हुई, मेरे भी होंठ सूख गये, कैसे चुप कराऊँ उसको ये सोचते हुए उसे अपने से अलग कर रहा था, और उसके होंठ मेरी गर्दन और फिर मेरे गालों से होते हुए, मेरे होंठों से लग गये। और अनजाने में ही हम एक दूसरे को चूमने लगे। उफ़्फ़ क्या महसूस किया मैंने उस दिन। अभी भी लिखते हुए अंदर तक महसूस हो रहा वो चुंबन। फिर पता नहीं कब हम दोस्त से कुछ ज़्यादा हो गये। ज़्यादा कुछ बदला नहीं हमारे बीच बस प्यार और भी गहरा होता चला गया। गहरा और गहरा, कि और कोई दिखता भी नहीं था एक दूसरे के सिवा। मैंने अपनी पूरी ज़िंदगी में कभी इतना संपूर्ण महसूस नहीं किया था, और वो भी कहती थी कि तुम मेरा प्यार हो बाबू, तुम्हें छोड़कर जी नहीं पाऊँगी।
हम रोज़ मिलते, बहुत बातें करते, मतलब वो बातें करती थी और मैं सुनता था। बहुत समझती थी वो मुझको, इतना कि जैसे कोई नहीं समझा कभी भी।
मैं जितना भी परेशान रहूँ वो झट से पहचान लेती थी, और मैं भी चाहे सबके सामने जितना भी मज़बूत रहूं, उसके सामने टूट जाता था।
मैं उसके सामने ऐसे इमोशनल होता था जैसे केदारनाथ की चढ़ाई चढ़ कर जब भक्त पहली बार महादेव का मंदिर देखता है, तो उसकी आँखों से गंगा बहने लगती है। लगता है सारे पाप धुल गए।
बहुत अलग थे हम, पर एक जैसे।
To Be Continued….
