जीतने के बाद में फिर हारना भी है मुझे
हो रही है जंग अपनों से पता भी है मुझे
दोस्त ही दुश्मन बने हैं जंग जीतूँ या नहीं
क्या ग़लत है क्या सही ये देखना भी है मुझे
क्या करूँ ताज़ी मिले बासी मिले खाना तो है
साथ में फेरे लिए हैं झेलना भी है मुझे
जंग उसूलों की चले और मैं हूँ इसमें ना-समझ
जीतना भी है मुझे और हारना भी है मुझे
मंदिरों में मस्जिदों में माँगते शब दिन दुआ
और क़सम से कह रहे थे मारना भी है मुझे
जंग किसके बीच है ये देखना भी है मुझे
जीतने से पहले ही फिर हारना भी है मुझे
