गुज़रा हुआ फ़क़ीर बताया गया मुझे
मेरे ही घर में पूछ के लाया गया मुझे
सबका यही सवाल था क्यों हँस नहीं रहा
मैं हँसने लग गया तो रुलाया गया मुझे
पहले दिखाई प्यार से इक सेज फूल की
फिर ख़ार पर बुला के सुलाया गया मुझे
इश्क़ ए बुताँ का शौक़ ज़माने से था मगर
ये बिन दवा का रोग बताया गया मुझे
जब शक हुआ तो क़ब्र दुबारा से खोदकर
नश्तर चला चला के दिखाया गया मुझे
पहले तो मुस्कुराये थे ख़ंजर लिए हुए
फिर बाद में गले से लगाया गया मुझे
ज़हराब से भरा हुआ पैमाना आज फिर
हाथों से मुस्कुरा के पिलाया गया मुझे
हर बार आया सामने अख़बार बनके मैं
लफ़्ज़ों में जितनी बार छुपाया गया मुझे
उठता गया हर एक दफ़ा नेक बनके मैं
नज़रों में जितनी बार गिराया गया मुझे
ग़ैरों को देखती है मिरा नाम लेके अब
जिस आँख का सितारा बताया गया मुझे
पहले कहा गया कि यहीं बैठ जा "प्रशांत"
मैं बैठने चला तो भगाया गया मुझे
