वर्तमान समय में संपूर्ण विश्व कोरोना रूपी महामारी से ग्रसित है। हमारे सामने निरंतर समाज में हत्या, आत्महत्या, चोरी, लूट इत्यादि की ख़बरें विभिन्न समाचार माध्यमों की सहायता से उभर कर सामने आ रही हैं। अगर ध्यान दिया जो तो ऐसा प्रतीत होता है कि वैश्वीकरण के इस दौर में भी संपूर्ण मानव जाति असहाय है। कोरोनावायरस ने मनुष्यों के जीवन को सामाजिक, आर्थिक, शारीरिक एवं सबसे ज्यादा मानसिक रूप से प्रभावित करने का कार्य किया है। मानव जाति के संपूर्ण अस्तित्व को ख़तरे में डालकर कोरोनावायरस ने हमारे मन-मस्तिष्क में भय पैदा कर दिया है। जिसके कारण हमारे समाज में बहुसंख्य लोग अवसाद का शिकार हुए हैं। देश और दुनिया भर के कलाकारों एवं अन्य लोगों की आत्महत्या की ख़बरें मनुष्य की वर्तमान मानसिक स्थिति की ओर स्पष्ट इशारा करती हैं। अवसाद और पीड़ा के इस काल में मनुष्य को एक सहयोगी अथवा मार्गदर्शक की आवश्यकता महसूस होती है जिससे कि वह कोविड-19 के इस विपत्ति काल में स्वयं को सकारात्मक बनाए रख सके एवं संपूर्ण प्राणिजगत के सेवा के लिए निरंतर तत्पर रह सके।
भगवान् श्रीकृष्ण के द्वारा कुरुक्षेत्र की रणभूमि में अर्जुन को दिया गया उपदेश उपरोक्त स्थिति से निजात पाने के लिए पूर्णतः सक्षम मालूम होता है, जिसे हम श्रीमद्भगवद्गीता के नाम से जानते हैं। गीता को संपूर्ण विश्व में एक महान एवं पवित्र ग्रंथ की दृष्टि से देखा जाता है। यह सर्वमान्य है कि गीता के अध्ययन मात्र से ही मनुष्य को जीवन में अलौकिक शांति की अनुभूति होती है। विद्वानों के मतानुसार इसके निरंतर अध्ययन से मनुष्य जन्म, मृत्यु, काम, क्रोध, मोह, लोभ इत्यादि जैसे सांसारिक बंधनों से स्वयं को मुक्त कर परम सत्ता के समीप होने का अहसास प्राप्त कर सकता है। गीता हमें यह उपदेश देती है कि हमें सभी प्रकार के भय, चिंता और अन्य भौतिकवादी इच्छाओं के प्रति सम्मोहित न होकर निरंतर अपने कर्म में प्रयासरत रहना चाहिए एवं अपना संपूर्ण जीवन परम सत्ता की प्राप्ति में संलग्न करना चाहिए। गीता हमें जीवन के दर्शन को सच्चे रूप में समझने में सहायता प्रदान करती है एवं अपने कर्म को सर्वोच्च स्थान प्रदान करने का मार्ग बतलाती है।
कुरुक्षेत्र की रणभूमि में जब भगवान् श्रीकृष्ण ने अर्जुन को योद्धा के पथ से विमुख होते देखा तब उन्होंने अर्जुन को गीता रूपी महान एवं रहस्यमय उपदेश प्रदान किया। उन्होंने अर्जुन से कहा कि योद्धा का धर्म युद्धभूमि में खड़े अपने शत्रुओं से युद्ध करना है न कि सांसारिक मोह माया के बंधनों में पड़कर रणभूमि से भाग जाना। श्रीकृष्ण ने कहा कि कुरुक्षेत्र की रणभूमि में तुम्हारे विरूद्ध खड़ी यह कौरवों की सेना तुम्हारी रिश्तेदार या संबंधी नहीं है अपितु यह तुम्हारी विरोधिनी है। श्रीकृष्ण ने अर्जुन से कहा कि तुम जिनके मृत्यु के भय से युद्ध भूमि से भाग जाना चाहते हो, वास्तव में उनका जीवित या मृत होना तुम्हारे वश में ही नहीं है। तुम्हारे वश में केवल और केवल तुम्हारा कर्म है। गीता में कही गई यह बात हमें कर्म रूपी दर्शन का बोध कराती है एवं कर्म ही सर्वश्रेष्ठ मूल्य है इसका भी बोध कराती है। गीता में मनुष्य के जीवन में योग को विशेष स्थान प्रदान किया गया है। योग मनुष्य को परम सत्ता के निकट पहुंचने का मार्ग प्रदान करता है। योग के विषय में गीता में लिखा है कि — "योग: कर्मसु कौशलम्" अर्थात् अपने कर्म में उत्कृष्टता को प्राप्त कर लेना ही योग है। (Excellence in Action is Yoga.)
वर्तमान परिस्थिति में जब संपूर्ण मानव जाति का अस्तित्व ख़तरे में है ऐसे समय में 'समत्व योग' का महत्त्व अत्यन्त बढ़ जाता है। 'समत्व योग' के अन्तर्गत ज्ञान योग, भक्ति योग एवं कर्म योग के भाव निहित हैं। 'समत्व योग' के विषय में गीता के द्वितीय अध्याय के श्लोक 48 में कहा गया है-
योगस्थः कुरु कर्माणि सङ्गं त्यक्त्वा धनञ्जय।
सिद्ध्यसिद्ध्योः समो भूत्वा समत्वं योग उच्यते।।
अर्थात् श्रीकृष्ण ने कहा है कि मनुष्य को सिद्धि और असिद्घि दोनों में ही समान भाव से अपना कर्म करना चाहिए। उन्होंने किसी कार्य के पूर्ण या अपूर्ण होने में समभाव की स्थिति को प्राप्त करने की क्रिया को 'समत्व योग' कहा है। इससे यह स्पष्ट होता है कि मनुष्य को हमेशा 'समभाव' की स्थिति में रहना चाहिए अर्थात् किसी भी परिस्थिति में समान भाव से रहने का प्रयास करना चाहिए। कोरोना वायरस रूपी इस महामारी के काल में अगर मनुष्य गीता के इन्हीं उपदेशों का निरंतर अध्ययन कर इसे आत्मसात् करने का प्रयास करे तो वह स्वयं को इस विपत्ति काल में सकारात्मक, ऊर्जावान एवं समाजोपयोगी बनाए रख सकता है। इस समय कोविड-19 को परास्त करने में हमारी मानसिक शक्ति की सबसे बड़ी भूमिका है। श्रीमद्भगवद्गीता हमें समुचित आध्यात्मिक एवं मानसिक संबल प्रदान करने में सक्षम कुंजी के रूप में कार्य करने हेतु पूर्ण रूपेण संक्षम ग्रन्थ है। जिसके उपदेश संपूर्ण विश्व और समाज के लिए अमृत के समान उपयोगी एवं लाभप्रद हैं।
©️अच्युत अभिषेक (Achyut Abhishek)

