ढेर सारी संभावनाओं की तलाश में
बिखरा पड़ा भविष्य
रिसते जा रहे जीवन से
कुछ अलग घटित होने के
इंतजार में
रोज बीत जाने को आतुर
वर्तमान
और कुंठा का कंबल ओढ़े
मुँह चिढ़ाता हुआ
अतीत
समय के
हर एक रूप की पीड़ा को
सहते हुए
हम अपने अस्तित्व की
बाट जोह रहे हैं
और सोच रहे हैं कि
क्या हम उस समय पर
काबू पा सकते हैं
जिसके आगे-पीछे हर तरफ
हम केंचुए की तरह
बस रेंग रहे हैं
