क्या कहीं दूर
भाग जाना
हमें मुक्ति दिला सकता है
क्या सारी व्यस्तताओं के बीच
हम पा सकते हैं
अपने उस जीवन को
जिसके हाथों से
छूट जाने का दंश
हम वर्षों से
झेलते आ रहे हैं
घनी वर्षा की
फुहार के नीचे
जब हम खड़े होते हैं
तब क्षण भर में ही
हम पूरे
बदल से जाते हैं
हमारे शरीर की एक परत
जमीन पर गिरकर
पानी के बहाव के साथ
बहकर, कहीं दूर चली जाती है
तब हम
हम नहीं रह जाते
