आसमान पर लगे हैं जाले,
सभी परिंदे सजग रहेंगे।
ये रोशनी को है इजाज़त,
के इनके जरिये ख़ामोश निकले।
बहेलिया सारी रात जगकर,
ये रेशा रेशा बुन रहा था।
अब इसकी जानिब जो आए बादल
उन्हें ये निर्मम निचोड़ देगा
इरादे इसके हैं और ही कुछ,
गुमान इसको है और ही कुछ।
न तारों जैसे ये मोती चाहे,
न चाँद की कोई रोटी चाहे।
इसे ये शक है के आसमां में
धनक बुना एक लिबास ओढ़े।
हवा की पायल को पैर बाँधे
कोई परी तो भटक रही है
ख़ुदा ही जाने की क्या बला है
परी है कोई, के मरीचिका है।
क्या जाने होगी ये प्यास पूरी
या फिर हमेशा रहेगी दूरी।
मुझे ख़बर थी बता रहा हूँ
मैं पहले से ही चेता रहा हूँ
आसमान पर लगे हैं जाले,
सभी परिंदे सजग रहेंगे।
#AjMukki

