गीत मेरे मनुहार तुम्हारी, 

शब्द शब्द तुमपर बलिहारी

अंतस में पीड़ा लेकर ज्यों 

बहती कोई नदिया प्यारी 

प्यासे प्यास बुझाते हैं, शीतलता पा जाते हैं 

किन्तु कभी ना बुझती है, मन में दहक रही चिंगारी

गीत मेरे मनुहार तुम्हारी, 

शब्द शब्द तुमपर बलिहारी


प्रति क्षण कुछ-कुछ रीता है

मत पूछो कैसे बीता है

हर रात अमावस जैसी है

दिन सदियों में बीता है 

नाम तुम्हारा जपते हैं, तुमसे सोते जगते हैं

सागर से दो नयन हमारे जोह रहें हैं राह तुम्हारी 

गीत मेरे मनुहार तुम्हारी 

शब्द शब्द तुमपर बलिहारी


मन मेरा निर्जन ही तो था

तुम निर्झरिणी, आयी मन में 

झूम उठी फिर शाखा शाखा

प्राण उतर आये उपवन में

लहरें आती जाती रहती पर रेती का भाग्य क्षुधा है

तुम किनारा जीवन का और मैं नदियों की लाचारी 

गीत मेरे मनुहार तुम्हारी 

शब्द शब्द तुमपर बलिहारी 


इस जीवन के पार कहीं 

कोई जीवन यदि और भी है

इस दुनिया से परे कहीं 

कोई दुनिया यदि और भी है

मेरे गीत वहाँ जायेंगे तुमको मेरी प्रीत सुनाने 

चेतन मेरा प्रेम रहेगा अवचेतन हो दुनिया सारी

गीत मेरे मनुहार तुम्हारी 

शब्द शब्द तुमपर बलिहारी