हाँ... ज़ख्मों के सुराख़ अभी भी हैं जिस्म में ये भरे नहीं अब तक... ये अँधेरा, ये पागलपन, ये बेसबब की बेचैनी, ये चीख़ते ख़्वाब, ये मर चुके जूनून का मातम, ये चार-सू फैला सन्नाटा ये सब कुछ मेरे खून में मिल गया है अब एक गर्म पिघले लोहे को जैसे किसी ने मेरी रगों में उतार दिया है
रात के तीसरे पहर में जब ये तीरगी उरूज़ पे होती है तब एक अजीब सा डर मेरे ज़ेहन पे तारी होता है तब लिखता हूँ मैं... अपने लफ़्ज़ों को ख़न्जर बनाके शायरी की शराब में तर करता हूँ पुराने ज़ख्मों को कुरेदता हूँ इस ख़न्जर से इसी उम्मीद से की इन सुराखों से कुछ तो बाहर निकलेगा हाँ... ज़ख्मों के सुराख़ अभी भी हैं जिस्म में मैं इन्हें भरने नहीं देता... एक गुमनाम मौत का डर है मुझे...