टप-टप की धुन, बादलों की सरगम, दौड़ते कदमों के नन्हें छपाके, बरसते पानी के गुलगुले ठहाके, बंद होते बस्तों के बीच उमड़-घुमड़ स्वर ये आते, कुछ किलकते कुछ छलकते आज है रेनी डे, हाँ तब होते थे "रेनी डे" लहर-लहर कागज की कश्ती बहती थी जलधारा में, कालू चींटा बन के माझी, तीरे लगे मझधारा से, बाँध बनाना, रेत का ढहना सीख लिया था तब हमने, जल के वेग की रग- रग को भाँप लिया तब हमनें, ठेल-ठेल कर पाँवों से जो लहर बनाई थी हमनें, वो आसमां तक जाती थी, वो चाँद को छू के आती थी, हम इठलाते, लहराते , पानी में घुलमिल जाते थे, हाँ तब "रेनी डे" होते थे, हम छूते थे पानी को वो मुस्काता ही जाता था, उन अंतहीन मुस्कानों के संग हम घंटो समय बिताते थे, हाँ तब "रेनी डे" होते थे..