कैसे हो तुम

क्या चल रहा है वहाँ पर?


यहाँ कई दिनों से धूप ही नहीं निकली

आसमाँ से लड़ते-लड़ते

थके-हारे पेड़ों ने अपने पत्ते गिरा दिए

अब दिखते हैं वो सड़क के किनारे

कुछ अभी भी खुश, हरे

कुछ बेरंग, जर्जर और सूखे

वो आपस में बातें करते हैं

कारों की चोट खाते

पावों के नीचे दबते बचते किसी तरह

कंपकंपा रहे हैं l


ठंडी हवाओं का शोर जमा देने जैसा है

गर्म खून धीरे-धीरे दिल तक

पहुँचने को राज़ी हुआ है

किसी तरह

ऐसे में तुम्हारी बातों का सुकून

बहुत दूर क्षितिज तक नहीं दिखता

मैं अपनी क्या ही कहूँ?


कल जब बारिश हुई, कुछ नया नहीं हुआ

मन पहले से भींगा था

ठूठ दरख़्त लेकर किस-किस दरवाज़े के आगे लगूँगा मैं?

सब बंद है, कहीं कोई रास्ता नहीं

बादल और बर्फ में होड़ सी लगी है

मेरे होने पर शक होना अब आम सी बात है l


सुना है, तुम्हारे यहाँ अभी भी लोग हैं

गर्म खून और ज़िंदादिल

वो अब भी ख़ुशियों की बात करते हैं

कुछ सोचते हैं नये दिन को लेकर

उनके दिल में किसके लिए जगह है

मुझे भी बताना l

मैं खुदसे बातें करके अक्सर थक सा जाता हूँ

मैं फूल नहीं एक पत्थर हूँ

फिर भी मुरझाता हूँ l