पापा मैं वो नहीं बनना चाहता जो आप बनाना चाहते हो
मेरे अंदर एक दरिया बहती है,
संगीत गूँजता है
मुझे उस संगीत को पाना है
पापा मैं वो नहीं बनना चाहता जो आप बनाना चाहते हो
इस आसपास की तानाशाही ,
इस रोज़मर्रा के तौर तरीके
इन सब के आगे भी कुछ है जो मुक्त है ,
जो सरल है मैं वहाँ जाना चाहता हूँ
आपके समाज और धारड़ाओ से दूर
मैं गीत गाना चाहता हूँ
जिन्दा होना चाहता हूँ
उजली सुबह में नयी तरंग में जहां सफलता का कोई माप दंड न हो
जहां जीते जाना सफल होना हो
पापा मुझे मुक्त कर दो अपने आसपास से,
धन से और नियम से अपने समाज की कुटिलता से
पापा मैं वो नहीं बनना चाहता जो आप बनाना चाहते हो
मुझे गड़ित आती नही इसलिए मैं भोदूँ हूँ ?
मैं इतिहास पढ़ना चाहता हूँ
मैं साहित्य समझना चाहता हूँ
मुझे अपना रास्ता बनाने दो
पापा मुझे मुक्त कर दो पापा मुझे ज़िंदा रहना है
सरल और शफ़्फ़ाक नज़ारों के दरमियाँ
जो सुबह की किरड़ों का चक्कर लगाते कबूतरों में है
जो गौरैया की मधुर तान में है
जो बालक की मुस्कान में जो मेरे दोस्त की अज़ान में है
पापा मुझे बक़्श दो
मैं कुछ बनना नहीं चाहता
अपने रास्ते चलते चलते कुछ बन ही जाऊँगा
आख़िरकार कुछ हासिल कर लूँगा जो मेरा होगा ,
मेरे परिश्रम से जन्मा होगा
जिसे मैंने निर्मित किया होगा कारण नहीं होगा
जिसके होने का कोई मोल नहीं होगा उसका वो तन्मयता ,
अपनेपन से पनपा उपजा मेरे अंदर
मेरा वो रूप होगा जो मुझे मन भावन होगा
उसका कोई मोल नहीं,
कोई दाम नहीं लगा पाउँगा
उसका बस अपने पथ पर चलकर जो पाया बना,
महसूस किया ,
वो सब कुछ जो मैं ,
पाकर ,
समझकर,
अपनाकर धनी हुआ जागृत हुआ ,
मैं उसी राह पर चलना चाहता हूँ
पापा मुझे उसी राह पर ,
अपनी एकाकी राह पर चलने दो मुझे
वो नहीं बनना जो आप बनाना चाहते हो
क्योंकि मैं वो नहीं बन पाउँगा
जो आप बनाना चाहते हो