पहन मुकुट हिमालय का,
गंगा की कल कल से खिलता,
संस्कृति और सभ्यता का
अनुपम ख़ज़ाना है यहाँ मिलता।
अनगिनत भाषाओं और त्योहारों का ये देश
भारत है इसका नाम, है ये सब देशों में विशेष।
ना शीश कभी झुकने दे इसका,
इतिहास का इसके मान रखे,
मातृभूमि है सबसे ऊपर हर पल इसका ध्यान रखे।
एकता का प्रण लेकर नव भारत का निर्माण करें,
रहे तिरंगा हरदम ऊँचा, मिलकर ऐसे काम करें।
वीर शहीदों का ये भारत,
क्यों ना इसका अभिमान करें,
आज़ादी है उनकी देन, उन बलिदानों का मान रखे।
सुंदर संस्कृति जिसका गहना,
अतिथि है भगवान जहाँ,
ऐसा अद्भुत देश है भारत ,
इसके जैसी शान कहाँ।
हर रिश्ता अनमोल यहाँ पर, हर बंधन एक उत्सव है,
ऐसे अपनेपन का स्वाद और कहा पर सम्भव है।
नव भारत कुछ ऐसा हो जो भेद भाव से परे उठे,
आधुनिकता की हो बात पर संस्कृति का सम्मान रहे।
नित दिन नयी ऊचाइयाँ हो,
पर विनम्र व्यवहार रहे,
हो पतंग से विश्व रूपी आसमान में,
पर थामे डोर देश के संस्कार रहे।
हर जाति, सम्प्रदाय में शांति और सद्भाव रहे,
छोड़ बैर कि बातें हर धर्म का सम्मान करें।
हर नागरिक शिक्षित हो हर व्यक्ति को सम्मान मिले,
भावी पीड़ी गर्व करे, ऐसा भारत निर्माण करें।
आभा©️
