क्या तुम्हें लगता है,

नदी माँगती होगी समंदर से अपनी बूँदों का हिसाब?

तो तुम क्यों मिलाते हो अपनी उम्मीदों को दुनिया के बही खाते से?

क्या तुम्हें लगता है,

पेड़ रखते होंगे अपनी हर पत्ती की गिनती?

तो तुम क्यों रखते हो अपने सपनों को बस एक मुट्ठी में?

क्या तुम्हें लगता है,

तारे झगड़ते होंगे चाँद से अमावस की अगली रात को?

तो तुम क्यों रखते हो खुशियों की बत्ती बुझाकर, बस एक दिन यूँ भागते हुए थक जाने पे?

क्या तुम्हें लगता है तितली भूल जाती होगी बाग़ को बसंत के बीत जाने पे?

तो तुम क्यों दरकिनार करते हो अहमियत अपनी किसी एक के नापसंद आ जाने पे?

क्या तुम्हें लगता है,

पंछी रूठ जाते होंगे हवाओं से अपने आशियाँ के बिखर जाने पे?

तो तुम क्यों ख़फ़ा होते हो रोज़ खुद से एक नए बहाने पे?

क्या तुम्हें लगता है,

तुम खुश रह लोगे खुद को यूँ रोज़ में खुश हूँ याद दिलाने से?

चकाचोंध से थोड़ी दूर उजाले में बैठो और खुद के हाल लो, वक़्त लगता है क्या अपने आप को अपने आप से मिलाने में?