चलो न यूँही बैठते हैं कहीं।

सारी कसमें, सब वादे,

कड़वाहटें, तमाम झगडों के इरादें,

कर के इक्कट्ठा, शहद में मिला आते हैं कहीं।

चलो न यूँही बैठते हैं कहीं।

ये बेचैनियाँ, बेगानी आहटें,

ये ग़म की चादरें जो जिस्म से अलग हुई,

मगर रूह से न हटें।

समेट कर किसी धोबी को दे आते हैं कहीं।

चलो न यूँही बैठ जाते हैं कहीं।

ग़र शिक़वे हैं तो फिर उनके क़िस्से भी,

जा रहीं हैं ग़र ये बेज़ार हवाएं,

तो फिर चले ये आँखों से बहता पानी भी,

आओ सबको समंदर के दरवाज़े तक पहुँचा आये कहीं।

चलो न यूँही बैठ जाते हैं कहीं।

वो ख्वाब, वो रुआब,

ये पैमाना, ये ज़माना,

ये आरज़ू, ये मंज़िलें।

सबको दरकिनार करके,

जिंदगी को तलाशतें हैं कहीं।

चलो न यूँहीं बैठ जाते हैं कहीं।

ये बंदगी, ये आशिक़ी,

वो बेवफ़ा, वो आशना,

ये दलीलें, ये एहमियतें,

वो फितूर या ख़ामख़ा का गुरूर,

सबको अलहदा करके,

आहिस्ता से अपने अक्स में झाँकतें हैं,

आओ बादे-ऐ-सबा में गुम हो जाते हैं कहीं।

चलो न बैठ जाते हैं कहीं।

ये सिसकियां, ये झिड़कियाँ,

ये शाम भी ये जाम भी,

वो नाम, वो ईमान,

ये औकात भी ये हालात भी।

आओ गुमनामी के हवाले कर आते हैं कहीं

चलो न बैठ जाते हैं कहीं।

ये रिश्ते, ये नाते,

वो बेहिसाब, बेवजह बातें,

वो खोखली मुस्कुराहटें,

और वो दर्द को कुरेदती राहतें।

दुश्मनों से दोस्ती कर इनकी नुमाइशें लगवाते हैं यहीं

चलो न बैठ जाते हैं कहीं।