आसमान की ओर टुकटुकी लगाए लल्ली बहुत देर से बादलों को देखकर यही सोच रही थी कि कहीं आज बारिश तो नहीं होने वाली है?

इतने में माई ने आवाज़ लगाई - "ऐ मोड़ी! इते आ।"

लल्ली ने माई की तरफ देखा, वहाँ टीचर दीदी पीला कुर्ता पहने हुए, हाथ में चाय का फ्लास्क लिए खड़ी थी।

टीचर दीदी रोज़ चाय और बिस्कुट लाती थीं। पर आज टीचर दीदी के हाथ में कुछ और भी था।

लल्ली भागी भागी उनके पास पहुंची और बोली - "आ गईं तुम। मैं कब से राह देख रई थी तुम्हारी। जे का है?" उसने पैकेट की तरफ़ इशारा किया।

टीचर दीदी मुस्काई और उसको पैकेट थामते हुए बोली - "ये??? लो खुद ही देख लो।"

लल्ली ने जल्दी जल्दी पैकेट फाड़ा और उसकी आँखों में ख़ुशी की लहर दौड़ गई।

"अरे! जे तो वई फ्राक है जो कल तुम्हारी मोड़ी ने पहनी थी?" उसने खिलखिला कर पूछा।

"तुमको पसंद आई थी ना?"

"हाँ, पर जे तो नई सी लग रई है?"

"नई ही है, मैं दुकान से खरीद के लाई हूँ।"

इतने में माई बोली - " दीदी आप तो वैसे भी इतना करते हो, जे ना दो।"

दीदी बोली -"जे तुम्हारे लिए नहीं है, लल्ली के लिए है।"

लल्ली की आँखें तो बस उसी फ्राक को मंत्र - मुग्ध हो के एकटक देखे जा रही थीं।

उसको कोई सुध ही नहीं थी कि क्या दीदी बोल रहीं हैं और क्या माई बोल रहीं हैं।

वो तो बस अपनी कल्पना में व्यस्त थी कि " कितनी सुन्दर लगूंगी मैं इस फ्राक में।"

वो माई से बोली -" माई मैं जे पहन लूँ?"

माई ने उसे घूर के देखा मानो कह रहीं हों कि नई चीज़ खराब हो जाएगी।

इतने में दीदी ने बोला - "हाँ हाँ बिल्कुल। तुम्हारी ही है पहन लो।"

ओह! क्या सुख था उन के शब्दों में।

लल्ली भाग के सामने बन रही इमारत के कोने में जा के कपड़े बदल आई।

वहीं खड़े एक पुराने स्कूटर के शीशे में ख़ुद को देखने लगी।

छोटे छोटे मोतियों से जड़ी हुई उस सफ़ेद फ्राक में वो ख़ुद को एक परी जैसा मेहसूस कर रही थी।

वो जल्दी से दीदी और माई को फ्राक दिखाने दौड़ पड़ी।

"देखो देखो"

"अरे वाह मेरी मिस इंडिया, तू तो बहुत जच रही है इसमें।"

लल्ली शर्माते हुए, दीदी को पकड़ कर बोली - "थैंकस यू"

दीदी ने प्यार से उस के सिर पर हाथ फ़ेर दिया।

"माई मैं सबको जे दिखा आऊँ?"

"अरे जे गंदी हो जावेगी।"

"अरे कोई बात नहीं" - दीदी बोलीं -" उसका मन है तो जाने दे। जा लल्ली।"

माई ने भी धीमे से हामी भर दी, पर कहा कि ज़ल्दी आ जाना, अंधेरा होने वाला है।

बस फ़िर क्या था लल्ली ने दौड़ लगा दी।

मैदान में जहां सारे बच्चे खेल रहे थे, सभी दौड़ कर लल्ली के पास जमा हो गए।

गेंदा बोली - "वाह री लल्ली! तू तो बहुत सुन्दर लग रई है।"

लल्ली ने भी शान से बोला - "जे नई है, एकदम नई। दीदी दुकान से खरीद के लाई है।"

सभी बच्चों के लिए यह बड़ी बात थी कि किसी ने कपड़ा खरीद के दिया है।

हरिया बोला - "वाह लल्ली जे तो गज़ब हो गया, इसी बात पे आजा हम सबके साथ खेल खेल ले। तेरी नई घोड़ी नई धाम भी नहीं लगाएंगे।"

लल्ली बोली -" ना बाबा ना, जे नई फ्राक खराब हो जावेगी। और माई ने वैसे भी ज़ल्दी आने को बोला है और मोए भूख भी ज़ोरों की लग रई है।"

"कोई ना, बस एक खेल, फ़िर चाहे चली जाइयो" - हरिया बोला।

"अच्छा ठीक"

खेल अभी बस शुरु ही हुआ था कि झमाझम बारिश होने लग गई।

सभी बच्चे भीगने से बचने के लिए दौड़ने लग पड़े। भागम-दौड़ी में अचानक लल्ली का पैर फिसला और वो गिर पड़ी।

लल्ली उठी, पर एकदम बुत बन उसी जगह पे जम सी गई, जैसे उसको कोई सांप सूँघ गया हो। उसकी नई सफ़ेद फ्राक पूरी गंदी हो चुकी थी, और कई मोती ज़मीन पे बिखर गए थे।

गेंदा खींच के उसको पेड़ की छाँव में ले गई।

लल्ली कभी बारिश को देखती, तो कभी अपनी गंदी फ्राक को।

गेंदा बोली - "कोई बात नहीं लल्ली जे साफ़ हो जावेगी।"

उसका इतना बोलना था कि लल्ली फ़ूट फ़ूट के रोने लगी, मानो किसी ने उसका सब कुछ छीन लिया हो।

गेंदा ने लल्ली को शांत कराया।

बारिश थमी, आसमान साफ़ हो गया और तारे नजर आने लगे।

लल्ली दुःखी मन से वापिस माई के पास जाने के लिए निकल पड़ी। पूरे रास्ते वो यही सोचती रही कि माई ने मना किया था, काश मैं नहीं जाती। अब माई कितना डांटेगी।

हर ख़याल के साथ उसकी रफ़्तार धीमी होती जाती और रात गहरी।

उधर माई आसमान को कोसे जा रहीं थीं, चूल्हे की सारी लकड़ियों गीली जो हो गईं थीं।

जब से माई, लल्ली संग गाँव से शहर आई हैं, पता नहीं कितनी रातें भूखे पेट सोना पड़ा है, अब तो गिनती भी नहीं रही।

इतने में लल्ली ख़राब हो चुकी फ्राक के साथ माई के सामने पहुंची। माई की नज़र जैसे ही लल्ली पर पड़ी, वो सिसकियाँ लेकर रोने लगी।

माई ने दौड़ कर उसे गले से लगा लिया।

"अरे मेरी लाडो, मेरी गुड़िया, क्या हुआ?"

" जे (सिसक, सिसक) ख़राब हो गई माई।"

" अरे पागली, जे भी कोई बात हुई, जो तू इतना रो रई, जे तो साफ़ हो जावेगी और जे नकली मोतियों के कारण तू ये इतने सारे अनमोल असली मोती बहा देगी क्या ?"

" पर माई, जे नई थी।"

माई ने पल्लू से लल्ली के आंसू पोंछते हुए कहा - "हाय मेरी गुड़िया, इससे सौ गुना अच्छी नई फ्राक ला के दूंगी मैं तोए। मेरी बिटिया रानी।"

लल्ली ने आंसू पोंछते हुए आश्चर्यचकित होके पूछा - "सौ गुना अच्छी!!! कैसे?"

माई ने इधर उधर देखा फिर आसमान की ओर इशारा करके बोली -" जे देख रई है।"

"जे क्या आसमान?"

"जे सिर्फ़ आसमान नहीं है, जे एक बहुत बड़ा कपड़ो है।

इसका छोटा सा टुकड़ा काट के मैं तेरे लिए एक फ्राक सिल दूंगी, और उस में नकली मोती नहीं, जे असली टिमटिमाते सितारे लगे होंगे।"

"सच माई" लल्ली ने आशा भरी आँखों के साथ पूछा -"जे नई वाली 'नीली फ्राक' में तो मैं और भी सुन्दर लगूंगी। है ना माई?"

" हाँ रे मेरी गुड़िया रानी, बहुत सुंदर लगेगी।" कहकर माई ने लल्ली को अपनी गोद में लिटा लिया।

माई लल्ली को थपकी देते हुए, कभी गीली लकडिय़ों को देख, तो कभी लल्ली की गंदी फ्राक को देख, अपनी आँखों का पानी छिपाने की कोशिश करने लगी।

नज़र उठा कर, माई ने जब आसमान की तरफ देखा तो उनके चेहरे पे एक मंद सी मुस्कान छा गई।

लल्ली ने माई को ज़ोर से पकड़ा और भूख प्यास भूल कर, तारों को निहारती, अपनी नीली फ्राक के सपनों के आगोश में खो गई।