आज की ये बात नहीं,
सभी से ये बात है,
जहाँ हूँ, वहाँ हूँ भी,
या यूँही परछाईयों की कहानी हैं।
कहानियाँ तो एहसास औऱ संघर्षों की धुन हैं,
क्या उन कहानियों में थोड़ा भी खुद के ठहरने की परछाई हैं,
ऐसा तो नहीं कि सिर्फ कोई आराम हो,
ऐसा जिसमें एहसास औऱ संघर्ष से धड़कन की पुकार हो।
थोड़ा सा खट्टा, तो कभी थोड़ा सा मीठा,
थोड़ा सा तीखा, तो कभी थोड़ा सा चटपटा,
न ज्यादा , न कम, लेकिन धड़कनों की उसमे पुकार हो,
हो बेस्वाद, लेकिन ऐसा जिसका स्वाद समझ से परे हो।
न निगलना हो, न चबाना हो, न सुनना हो, न देखना हो,
न मद हो, न मात्सर्य हो, न चाहत हो, न पहचान हो,
कहानी में खुद के ठहरने का,
संघर्ष और एहसास हो,
धड़कनों के ठहरने की पुकार हो।
चाहे कबीर की साखी हो, चाहे भागवद पुराण हो,
चाहे ऋभु गीता हो, चाहे हनुमान चालीसा हो,
चाहे रामायण हो,चाहे बुद्ध के उपदेश हो,
सभी मे खुद के ठहरने का,
संघर्ष और एहसास हो,
धड़कनों के ठहरने की पुकार हो।
चेतना का निर्वाण, या चेतना की मुक्ति हो,
चाहे चेतना से मोक्ष हो, या चेतना शून्य हो,
जन्म इसी में हैं कि, खुद के केंद्र से हो,
संघर्ष और एहसास हो,
धड़कनों के ठहरने की पुकार हो।
~आदित्य नारायण शाक्य

