लेकर खुशियों की किलकारी
तुतलाती, इठलाती
ठुमक ठुमक चलती
एक छोटी सी गुड़िया
कब हो गयी इतनी बड़ी
पता ही नहीं चला
उचक कर आ जाती
हाथों में
और घूमा करती
चढ़कर मेरे कंधे पर
कब हो गयी कंधे से ऊंची
पता ही नहीं चला
गोल-गोल चेहरे पर रखकर हाथ
बड़ी-बड़ी आँखों में लेकर हैरानी
गोदी मैं बैठ कर सुनती
मुझसे वह जादुई कहानी
कब सुनाने लगी मुझे ही कहानी
पता ही नहीं चला
हर छोटी-छोटी चोट पर
बड़े-बड़े आंसू लिए
दौड़ी आती थी पास
फिर पल में बहल जाती, हँस देती
सुनकर मम्मी-पापा की बात
कब पहचान कर
मेरे ही ह्रदय की बात
मुझे बहलाने, हँसाने लगी
पता ही नहीं चला
पर कुछ तो पता चला,
पता चला
कैसी होती है खिलखिलाती हुई नटखट हँसी
कैसी होती है जादुई दुनिया बचपन की
कैसी होती है वो पहला शब्द सुनने की ख़ुशी
कैसे करता है मन, सब कुछ न्योछार
कैसा होता है नन्हा सा, भोला सा प्यार

