जा मैं इस बार
तुझे नहीं मनाता
दुखते दिल के भेद
अब तुझे नहीं बताता
नहीं बताता के…
कैसे मैंने प्रेम को
कर्त्तव्य समझ निभाया
कैसे ख़ुशी में तेरी
बरबस मैं मुस्कुराया
कैसे तेरी ज़िद्द,
तेरी बातें को माना
कैसे सच जान कर भी
सुना तेरा हर बहाना
कैसे तेरे बहकावे में
बार-बार बहता गया
इस बार कुछ अलग होगा
मन को यह कहता गया
कैसे दिया बन जलता रहा
दूर करके तेरा अँधेरा
कैसे स्वयं को ही छलता रहा
तेरी रातों को कर सवेरा
अब ह्रदय की पीड़ा को
झूठी हँसी तले नहीं दबाता
जा मैं तेरे लिए
आज नहीं मुस्कुराता
पोंछ कर आँखों से अश्रु
हटा कर दर्पण से धूल
देखता हूँ अब सत्य को
स्वीकार कर मैं भूल
थोड़ा सा साहस
ढूंढ लाता हूँ, कहीं से
अपना आकाश, छुड़ा लेता हूँ
आज तेरी ज़मीं से
फिर से, सब कुछ भूल कर
स्वयं को नहीं बहलाता
बरसों से उलझे तारों को
अब नहीं सुलझाता
जा मैं इस बार
तुझे नहीं मनाता
जा मैं इस बार
तुझे नहीं मनाता

