पाँच बरस का नन्हा बालक

पूछ रहा भोलेपन में

"सब कहते हैं

राम आयेंगे, राम आएंगे

बोलो ना दादी, कब आएंगे"


खिल उठी दादी के मुख पर

वात्सल्य भरी मुस्कान मधुर

उत्सुक होकर देख रहा

नन्हा बालक टुकुर-टुकुर


दादी बोली 

"आएँगे बेटा, राम अवश्य आएँगे


हाथ जोड़ कर विनम्र रहना

विद्या पाकर बनना ज्ञानी

हनुमत सी श्रद्धा रखना

रघुवर सी मीठी वाणी


करना कार्य परहित हेतु

विषम सिन्धुओ पर बांधना सेतु

तजना अहंकार दशानन जैसा

करना परोपकार रामचन्द्र सा


रहना अटल सदा वचन पर

धैर्य-संयम रखना निरंतर

जानकी जैसा बनना दानी

नहीं बाली सम अभिमानी


करना आदर सब जन का

पार न करना लक्ष्मण-रेखा

भरत-लखन सा होना भ्राता

सुग्रीव सा बनना सखा


दुविधा में तुम निर्भय रहना

संकट-समक्ष रहना वीर

पवन-पुत्र ज्यों लाये पर्वत

लंका-विजय किये रघुवीर


मर्यादा पुरषोत्तम के गुण

तुम्हारे ह्रदय जब बस जाएंगे

तुमको दर्शन देने हेतु

तब रामलला स्वयं आएंगे


तब रामलला स्वयं आएंगे ”



जय श्री राम !