सीता को, जगदम्बा को

धरती को और गंगा को

माता कह कर

पूजते हो


उत्पीड़न कर नारी का

तुम कृष्ण की ही भूमि में

दुशासन बन

घूमते हो


चीर का हरण नहीं

देह का हनन है यह

आत्मा का दमन है यह

पाशवत यह कृत्य है

वीभत्स एक दृश्य है


सदैव रहेगा न एक काल

चंडी लेगी रूप विकराल

दहकती अग्नि होगी

समक्ष रुद्र जननी होगी


जानकी तब देगी न शरण

गंगा भी तजेगी तेरा भस्म

काली पीयेगी तेरा रक्त 

धरा में मिलेगा तेरा तन