तुम होती हो तो
परेशान रहता हूँ
नहीं होती तो भी
परेशान हो जाता हूँ।
तुम हो तो चाय
नहीं मिलती
नहीं हो तो चायपत्ती
नहीं मिलती।
तुम हो तो काँय काँय
नहीं सुहाती
न हो तो सन्नाटा
बरदाश्त नहीं होता।
पर तुम्हारा होना जो
सुकून देता है
तुम्हारा न होना.......
अब छोड़ो भी
तुम सब जानती हो।
तुम्हारा सब कुछ समझना
अक्सर मुझे
परेशान करता है।