परसों शाम प्यारे दोस्त आशुतोष राणा के निमंत्रण पर 'हमारे राम' नाटक देखा। आनंद की बरसात हुई। हिंदी रंगमंच के भविष्य को लेकर आश्वस्ति मिली।

कमाल का नाटक है 'हमारे राम'। राम और रावण के लंबे और गहरे संवाद बहुत से ऐसे प्रश्नों पर मंथन करते हैं जो जनमानस को परेशान करते रहे हैं, जैसे यह कि इतना ज्ञानी होने के बावजूद रावण अधर्मी क्यों हुआ, या फिर राम के अवतारी रूप को भाँप लेने के बाद भी उसने युद्ध का हठ क्यों किया? इसी तरह, लव-कुश के मुश्किल सवालों (जैसे माता की अग्निपरीक्षा और परित्याग) पर पिता राम का दृष्टिकोण सामने आता है जो सोचने का नया रास्ता दिखाता है। नरेश मेहता की 'संशय की एक रात' में श्री राम जिस सवाल से भीतर ही भीतर जूझ रहे हैं और दिनकर कृत 'कुरुक्षेत्र' में युधिष्ठिर जिस अपराध-बोध से घायल व संतप्त हैं, वह इस नाटक में रावण ने दागा है - कि आपने अपने निजी हित (सीता-मुक्ति) के लिये हज़ारों नर-वानरों का (और लंका निवासी असुरों/राक्षसों का भी) जीवन दाँव पर क्यों लगाया? 'हमारे राम' का उत्तर भी लगभग वही है जो नरेश मेहता व दिनकर का था - जब युद्ध नीति-अनीति के मध्य होता है तो वह किसी का निजी युद्ध नहीं रहता।

रावण को अपना पक्ष रखने का भरपूर मौका दिया गया है, लगभग उतना ही जितना माइकेल मधुसूदन दत्त कृत 'मेघनाद वध' में दिखता है। कभी-कभी तो दुविधा होती है कि नाटक का केंद्रीय चरित्र कौन है? सबसे सुंदर प्रसंग अंत में है जब लक्ष्मण मरणासन्न रावण के पास ज्ञान मांगने गया है। उस बिंदु पर रावण का सुदीर्घ एकालाप इतना सधा हुआ है कि उससे लोक व्यवहार का नीतिशास्त्र गढ़ा जा सकता है। एक महाज्ञानी आदमी, जिसने अहंकार में डूबकर अक्षम्य अपराध किये हों और जीते जी उनकी पीड़ादायी परिणति भी देख ली हो, जब अपने जीवन-अनुभवों का निचोड़ परोसेगा तो कितनी गहरी बातें बहेंगी! अंत के पाँच-दस मिनट साँस रोककर इसी प्रवाह में डुबकी लगाने का अवसर देते हैं।

सवा तीन घंटे की अवधि का नाटक है, वह भी पूरी तरह छंदों में और बिना किसी मध्यांतर के! हैरत की बात है कि इस तिहरी चुनौती के बावजूद कुछ ही महीनों में इसे अलग-अलग शहरों में 50 से अधिक बार खेला जा चुका है। इसका सबसे बड़ा कारण है - आशुतोष राणा का रावण के किरदार में घुलकर अपृथक हो जाना और अभिनय के नए प्रतिमान गढ़ना। पटकथा का कसाव भी असाधारण स्तर का है। निश्चित तौर पर एक-एक संवाद को साधने में कई घंटे या दिन खर्च किये गए होंगे!

किसी रचना से कोई पूरी तरह संतुष्ट कैसे हो सकता है? मैं भी नहीं हूँ! कुछ बिंदुओं पर वैचारिक दुविधा हुई तो कहीं-कहीं छंद की मात्राएँ कम-ज़्यादा होने से श्रवण प्रक्रिया में खुरदुरेपन का अहसास हुआ; पर ये कमियाँ आटे में नमक से भी कम थीं। वैसे भी, मेरी प्राथमिक रुचि छिद्रान्वेषण की बजाय उस उद्यम की गुरुता पर ध्यान देने में है जिसने इस विराट अनुभव को संभव बनाया। रही असंतुष्टि की बात, तो लोंजाइनस ने ढाई हज़ार साल पहले ही कहा था - "महानता चाहे जितनी भी विराट हो, उसमें कुछ न कुछ छिद्र रह ही जाते हैं।"

10-12 वर्षों से नाटक देखने का सिलसिला थम गया था। भय होता था कि फिल्मों के तकनीकी वैभव के सामने इस विधा का वही हश्र न हो जो सर्कस का हुआ था। राहत मिली कि रंगमंच ने इन तूफानों के बीच मजबूती से लंगर डाला हुआ है। हज़ार से अधिक दर्शकों के प्रेक्षागृह में एक भी स्थान खाली न हो और अंतिम दृश्य तक दर्शक दम साधे बैठे रहें - यह हैरतअंगेज़ दृश्य देखना हो तो आप भी इस नाटक को देख सकते हैं।

शुक्रिया आशुतोष भाई, इस अविस्मरणीय अनुभव के लिये! आभार राहुल जी, यह उद्यम करने के लिये और रंगमंच में मेरी सुप्त रुचि को पुनः जगाने के लिये! कारवाँ यूँ ही बढ़ता रहे !

This review is from the Vikas Divyakirti's Instagram Post.

[डॉ. विकास दिव्यकीर्ति]

डॉ. विकास दिव्यकीर्ति एक पूर्व सिविल सेवक, शिक्षक, लेखक, व्याख्याता, यूट्यूबर हैं। वह केंद्रीय सचिवालय सेवा के सदस्य थे और वर्तमान में दिल्ली स्थित यूपीएससी कोचिंग संस्थान दृष्टि आईएएस कोचिंग इंस्टीट्यूट के संस्थापक और निदेशक हैं।

Note: The views expressed are the author's own. The opinions and facts expressed here do not reflect the views of Kavishala and Kavishala does not assume any responsibility or liability for the same.